मथुरा। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आबिद हुसैन ने कहा है कि कांग्रेस पालिका हों या जिला प्रशासन का अन्य कोई विभाग, जनता के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी गतिविधि को स्वीकार नहीं करेगा और शीघ्र ही शहर स्तर पर इसके विरुद्ध व्यापक सड़क आंदोलन छेड़े जाएंगे। जिसमें कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता और क्षेत्रीय विधायक प्रदीप माथुर बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे। श्री हुसैन ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि कांग्रेस जनता की भावनाओं से जुड़ी है और वह किसी स्तर पर जनता के साथ धोखाधड़ी करने वालों की पक्षधर नहीं है, पार्टी के ही कुछ लोगों का यह कहना कि पार्टी के नेता पालिका अथवा किसी अन्य ऐसे विभाग का साथ दे रहे हैं, जो जनता को नुकसान पहुंचा रहा है, गलत है। उन्होंने कहा कि ऐसे पार्टी से जुड़े लोग पार्टी के साथ अनुशासनहीनता कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर कांग्रेस, नगर पालिका, बिजली विभाग और तहसील व जिला प्रशासन के भ्रष्टाचार के विरुद्ध आंदोलन करती रही है। जिसमें विधायक प्रदीप माथुर लगातार हिस्सेदारी करते रहे हैं। प्रदेश विधान सभा में भी उन्होंने इन मुद्दों को अहमता से उठाया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि शीघ्र ही दिसम्बर के तीसरे सप्ताह में जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस जन आंदोलन की रणनीति तैयार कर चुकी है और सड़क पर आकर कांग्रेसी जनता के लिए संघर्ष करेंगे। जिसमेें विधायक प्रदीप माथुर ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की सहर्ष इच्छा व्यक्त की है।
Read More




