मथुरा। जिला प्रशासन व नगर पालिका द्वारा शहर में चलाए जा रहे अतिक्रमण अभियान से आक्रोशित व्यापारियों द्वारा नगर पालिका से मांगी गई जानकारी तथा नाली के ऊपर पत्थर लगाने की अनुमति तय सीमा के अंतर न मिलने के बाद अब जिला प्रशासन व नगर पालिका से दो-दो हाथ करने का मन बना लिया है। व्यापारी नेताओं द्वारा दी गई धरने प्रदर्शन की तथा पुतलादहन की चेतावनी के बाद लग रहा है कि यदि नगर पालिका और जिला प्रशासन ने व्यापारी सहमति के बिना अभियान को पुनः चालू किया तो टकराव निश्चित है। शहर के समस्त व्यापारिक संगठनों की समन्वय समिति के व्यापारी नेताओं की आज तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला में संयोजक रमेश चंद चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि जिला प्रशासन एवं नगर पालिका उनकी मांगों पर कोई अनुमति नहीं देते या नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही नहीं करते तो आज दोपहर गुरूवार को होलीगेट पर जिला प्रशासन एवं नगर पालिका का पुतला दहन किया जाएगा। उसके अगले दिन डीगगेट व एक अन्य चैराहे पर पुतलादहन होगा तथा कल 18 सित. समस्त व्यापारिक ठिकानों पर काले झण्डे लगाकर जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद दमनात्मक कार्यवाही का विरोध किया जाएगा। 19 सित. शनिवार को जनपद के व्यापारी होलीगेट पर धरना प्रदर्शन कर इस दमनात्मक का विरोध करेंगे। इस दौरान व्यापारी नेता संजय चतुर्वेदी, सुनील अग्रवाल, बाॅबी, शैलेष अग्रवाल, दिनेश आनंद पापे, शशि भानु गर्ग, राजेन्द्र मोहन राजा, नंद किशोर अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, मीनालाल अग्रवाल, राधेश्याम गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Read More




