नई दिल्ली : रेल मंत्रालय ने 13 जुलाई से गोरखपुर एवं आनंद विहार (दिल्ली) के बीच पहली सुविधा ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के लिए टिकट बुकिंग 8 जुलाई से शुरू हो गई है। यह ट्रेन 13 जुलाई से लेकर 30 जुलाई के बीच चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 05027 गोरखपुर-आनंद विहार सुविधा स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन यानी हर सोमवार एवं बुधवार (13, 15, 20, 22, 27, 29 जुलाई) को गोरखपुर से रात 20:55 बजे रवाना होगी और वह अगले दिन सुबह 11:00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान खलिलाबाद, बस्ती, गोंडा, लखनऊ और मुरादाबाद में रुकेगी। वहीं, अपनी दूसरी दिशा में ट्रेन संख्या 05028 आनंद विहार सुविधा स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन यानी हर मंगलवार एवं गुरुवार (14, 16, 21, 23, 28, 30 जुलाई) को अपराह्न 14:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 05:10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन भी उपर्युक्त स्टेशनों पर रुकेगी। सुविधा ट्रेनें विशेषकर गर्मियों एवं सर्दियों के भीड़-भाड़ वाले सीजन और त्योहारों के दौरान चलाई जाएंगी। इसी तरह सुविधा ट्रेनें उन अवसरों पर भी चलाई जाएंगी जिनके बारे में जोनल रेलवे के सीसीएम और सीओएम द्वारा संयुक्त रूप से तय किया जाएगा। इन ट्रेनों में सफर के लिए यात्रियों को केवल कन्फर्म और आरएसी टिकट ही जारी किए जाएंगे। इन ट्रेनों में सफर के लिए अग्रिम आरक्षण अवधि अधिकतम 30 दिन और न्यूनतम आरक्षण अवधि 10 दिन होगी। सुविधा ट्रेनों के लिए टिकट रेलवे के आरक्षण काउंटरों पर भी मिलेंगे। इसके अलावा आईआरसीटीसी के जरिए इन ट्रेनों के लिए ई-टिकट भी मिलेंगे।
Read More




