मथुरा। कल दिल्ली में एक भूतपूर्व सैनिक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सियासत पूरी तरह गरमा गयी है। दिल्ली में कल से प्रदर्शनों का दौर चल रहा है। कल रात राहुल गांधी को हिरासत में लेने पर जहां कांग्रेसियांे ने होलीगेट पर प्रदर्शन और केन्द्र सरकार का पुतला फूंका और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तो आज जिले में भी आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय लोकदल में धरने प्रदर्शन कर इस पर सरकार को घेरा है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज कलैक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि वन रैंक वन पेंशन का अधिकार प्राप्त न होने से क्षुब्ध रिटायर्ड फौजी रामकिशन ग्रेवाल की आत्महत्या से पार्टी के कार्यकर्ताओं में उबाल है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को फौजी के परिजनों से मिलने जाते समय रोकने और उपमुख्य मंत्री मनीष सिसौदिया को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने के खिलाफ जिले के आप कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका और आज कलैक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने शहीद के परिजनों की गिरफ्तारी और उन्हें अपमानित किये जाने को शर्मनाक करार देते कहा कि मोदी सरकार ने परोक्षरूप से देश में आपातकाल लागू कर दिया है। संयोजक अजय गौतम ने कहा कि केन्द्र सरकार तानाशाही पर आमादा है। इस अवसर पर आदेश शर्मा, मृलाणदेव मिश्रा, अजय शर्मा, मंयक अग्रवाल, मनोज गोला, सुरेश सैनी, अखिलेश पालीवाल, आदि मौजूद थे। वहीं राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष रामवीर भंरगर ने आज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ इस घटना को लेकर प्रदर्शन किया और केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मृतक को शहीद का दर्जा दिलाने और परिवार वालों को 50 लाख की सहायता और मांगे पूरी करने को कहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के नेता विधायक पूरन प्रकाश, कुंवर नरेन्द्र सिंह, हरीश शर्मा, ठाकुर जितेन्द्र सिंह, कुंवरचन्द रावत, रविन्द्र नरवार, योगेश नौहवार आदि मौजूद रहे।
Read More




